
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के बुद्धपुर गांव के पास सोमवार सुबह गंगा नदी में स्नान के दौरान एक 16 वर्षीय किशोर के डूबने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से किशोर की तलाश लगातार जारी है। पुलिस भी मौके पर पहुंचकर राहत और खोज अभियान में जुटी हुई है।
बुद्धपुर गांव निवासी मंगल यादव (16) पुत्र किशुनदेव यादव प्रतिदिन की तरह सोमवार सुबह भी भैंस चराने के लिए गंगा घाट पर गया था। भैंस चराने के बाद वह स्नान करने के लिए नदी में उतरा। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने जब उसे पानी में डूबते देखा तो शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर जुट गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग घाट पर पहुंच गए। बेटे के लापता होने की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मंगल अपने दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता किशुनदेव यादव निजी वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
सूचना मिलने पर धानापुर थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोज अभियान शुरू कराया। कई घंटों तक तलाश के बावजूद किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका।

