
चंदौली। बलुआ पुलिस की रविवार की भोर में गंगा पुल के पास शातिर लुटेरों के साथ मुठभेड़ हुई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। बदमाशों की गोली से उपनिरीक्षक जमालुद्दीन खान घायल हो गए। उनके हाथ में गोली लगी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में शातिर लुटेरे अनुपम पांडेय के पैर में गोली लगी। इससे वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से पिस्टल, तमंचा और नकदी बरामद की गई। पुलिस बदमाशों से पूछताछ के साथ ही विधिक कार्रवाई में जुटी रही। शातिर लुटेरे पिछले दिनों चहनियां बाजार में हुई लूट की घटना में शामिल रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, 3 जून को मिश्रपुरा गांव निवासी गोविंद मिश्रा चहनियां बाजार अपने निजी कार्य से गए थे। दोपहर करीब 12 बजे बाजार की एक गली के पास पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी और उनका वीवो मोबाइल फोन तथा जेब में रखे 3,200 रुपये लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर बलुआ थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के अनावरण के लिए पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिरों की मदद से दोनों संदिग्धों की पहचान की। शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी अपने घर आए हुए हैं और भोर में फरार होने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर बलुआ पुलिस ने वाराणसी-बलुआ मार्ग पर बलुआ पुल के पास चेकिंग अभियान चलाया।
पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन कुछ दूरी पर उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें उपनिरीक्षक जमीलुद्दीन खान के बाएं हाथ में गोली लग गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा हेतु फायरिंग की, जिससे मुख्य आरोपी अनुपम पाण्डेय उर्फ गोलू के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। वहीं उसके साथी आकाश कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी अनुपम पाण्डेय उर्फ गोलू अटौली, थाना धानापुर और आकाश कुमार महुअर, थाना बलुआ का निवासी है। दोनों के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, एक 315 बोर का अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, लूटा गया मोबाइल फोन, 2,500 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

