
चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र में हत्या और डकैती के मामले में वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश राजू मुसहर को स्वाट, सर्विलांस और सैयदराजा पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 15 दिसंबर 2025 को सैयदराजा थाना क्षेत्र के तिनधुआं गांव में हत्या के साथ डकैती की घटना हुई थी। मामले में कुल सात अभियुक्त सामने आए थे, जिनमें पांच की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है, जबकि दो आरोपी वांछित चल रहे थे। इनमें बिहार के कैमूर (भभुआ) जिले के नुआंव थाना क्षेत्र स्थित सतोपती गांव निवासी राजू मुसहर भी शामिल था। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार, बुधवार को सवंइया पट्टीदारी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सर्विलांस के जरिए सूचना मिली कि राजू मुसहर चंदौली में किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने पट्टीदारी-सवैया महलवार क्षेत्र में घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की।
बताया गया कि संदिग्ध व्यक्ति को आते देखकर पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में गोली आरोपी के पैर में लगी और उसे मौके से पकड़ लिया गया। पुलिस ने उसके पास से एक .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक मिसफायर कारतूस बरामद किया।

आरोपी के पास मिली मोटरसाइकिल के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है कि वह चोरी की है अथवा उसकी स्वयं की है। घटनास्थल को सुरक्षित कर पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, राजू मुसहर के खिलाफ सैयदराजा, कंदवा, पड़री, लालपुर-पांडेयपुर और बबुरी थानों में चोरी, माल बरामदगी, धोखाधड़ी तथा गैंगस्टर एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई में सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक मिश्रा समेत थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

