
चंदौली। चकिया में प्रेम विवाह करने वाली नवविवाहिता पति के साथ रहने की जिद पर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला को टावर पर चढ़ा देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटे की मशक्कत के बाद युवती को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा गया।
चकिया के मुहम्मदाबाद निवासी 20 वर्षीय नंदिनी चौहान ने इसी वर्ष विशाल चौहान के साथ प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद कुछ समय तक दोनों साथ रहे, लेकिन बाद में पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने के बाद दोनों अलग रहने लगे। बताया जा रहा है कि नंदिनी अपने पति के साथ रहना चाहती थी, लेकिन बात नहीं बनने पर उसने मंगलवार सुबह यह कदम उठा लिया।
नंदिनी मोबाइल टावर पर चढ़ गई और पति के साथ रहने की मांग करने लगी। टावर पर महिला को देखकर आसपास के लोग घबरा गए। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। इस दौरान परिजनों और स्थानीय लोगों को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस ने महिला से बातचीत शुरू की और उसे शांत कराने का प्रयास किया। परिजनों ने भी उसे समझाया और सुरक्षित नीचे उतरने की अपील की। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद महिला टावर से उतरने के लिए तैयार हुई। इसके बाद पुलिस ने सावधानीपूर्वक उसे सुरक्षित नीचे उतारा और परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
घटना के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल मौके पर पूरी तरह मुस्तैद रहा। पुलिस के अनुसार मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा है। दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना को लेकर क्षेत्र में काफी देर तक चर्चा होती रही। टावर के नीचे घंटों तक लोगों की भीड़ जमा रही।

