ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली में अलग-अलग सड़क हादसों में पूर्व सैनिक समेत दो की मौत, एक घायल

चंदौली। जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो सड़क हादसों में एक पूर्व सैनिक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

पहली घटना धीना थाना क्षेत्र के जनौली मोड़ की है। ग्राम चकिया लोढ़वा प्रकाशपुर निवासी 61 वर्षीय पूर्व सैनिक रविनंदन कमालपुर बाजार से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जनौली मोड़ के पास एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

बताया गया कि रविनंदन सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद खेती-बाड़ी का कार्य करते थे। उनके परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं दूसरी घटना अलीनगर थाना क्षेत्र के कुरहना गांव के समीप रिंग रोड पर हुई। यहां बाइक सवार दो युवक सड़क डिवाइडर से टकरा गए। हादसे में बाइक चला रहे तौफिक अहमद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उनका साथी घायल हो गया।

 

मृतक तौफिक अहमद मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मलोखर दुलहीपुर का निवासी था। बताया गया कि वह अपने दोस्त के साथ महादेवपुर स्थित वाटर पार्क में घूमने और नहाने गया था। शाम करीब चार बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे, तभी कुरहना के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। दोनों हादसों के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!