ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : 25 हजार के इनामी लुटेरे को मुगलसराय पुलिस ने दबोचा, लूट की रकम के 2300 रुपये बरामद

चंदौली। मुगलसराय थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लूट की वारदात में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से लूट की रकम में से बचे 2300 रुपये बरामद किए गए हैं। वहीं जिस मोटरसाइकिल से वह घूम रहा था, उसके वैध दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने पर पुलिस ने वाहन को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया।

 

पुलिस के अनुसार, 21 मई 2026 को शक्ति इंटरप्राइजेज, जतनबर (वाराणसी) के एक सेल्समैन विभिन्न दुकानों से कलेक्शन कर नकदी अपने बैग में रखकर मोपेड से भोजपुर की ओर गया था। लौटते समय ग्राम चौरहट स्थित रामनगर-वाराणसी मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों से आए पांच बदमाशों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर मुगलसराय थाने में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

 

जांच के दौरान आकाश यादव का नाम प्रकाश में आया, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इस मामले में पहले ही पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि आकाश यादव फरार चल रहा था।

 

रविवार को थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम वांछित अपराधियों की तलाश और वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इनामी आरोपी आकाश यादव मुगलसराय रेलवे स्टेशन के आसपास अपने एक साथी से मिलने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दी। इसी बीच स्टेशन की ओर से पड़ाव की तरफ आ रही एक मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया।

 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश यादव (22 वर्ष) पुत्र शिवशंकर यादव, निवासी सराय नंदन खोजवा, थाना भेलूपुर, जनपद वाराणसी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 2300 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि 21 मई को हुई लूट की घटना में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। लूट के बाद उसे हिस्से में 17 हजार रुपये मिले थे, जिनमें से अधिकांश उसने खर्च कर दिए और केवल 2300 रुपये ही शेष बचे थे। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि जिले में संगठित अपराध और लूट की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।

 

Back to top button
error: Content is protected !!