ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: डीडीयू रेलवे कॉलोनी में चोरों का आतंक, ट्रेन मैनेजर के सरकारी आवास से लाखों के जेवर, नकदी और लैपटॉप चोरी

चंदौली। डीडीयू रेलवे कॉलोनी में शनिवार देर रात हुई एक बड़ी चोरी की घटना ने रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में दहशत फैला दी। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र स्थित पूर्व मध्य रेलवे के ट्रेन मैनेजर आनंद कुमार के सरकारी रेलवे क्वार्टर संख्या 379/F को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और लैपटॉप समेत अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी रविवार सुबह परिवार के जागने पर हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

 

पीड़िता रंजू कुमारी ने बताया कि शनिवार रात पूरा परिवार घर में सो रहा था। सुबह करीब छह बजे जब उनकी नींद खुली तो घर के बरामदे में सामान बिखरा हुआ दिखाई दिया। पहले उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई, लेकिन जब उन्होंने अंदर जाकर गोदरेज अलमारी देखी तो उसका दरवाजा खुला मिला। जांच करने पर पता चला कि चोर अलमारी का ताला खोलकर उसमें रखी चाबी निकाल ले गए और फिर आराम से उसमें रखे कीमती सामान को समेटकर फरार हो गए। घर में रखा खाने-पीने का सामान भी अस्त-व्यस्त मिला, जिससे अंदेशा है कि चोरों ने घर के भीतर काफी देर तक तलाश की।

 

पीड़िता के अनुसार चोरी हुए सामान में दो सोने की अंगूठियां, दो जोड़ी झुमके, चार अन्य सोने के आभूषण, दो चांदी की पायल, डेल कंपनी का एक लैपटॉप, लगभग 1.25 लाख रुपये नकद तथा गुल्लक में जमा करीब 25 हजार रुपये शामिल हैं। उन्होंने बताया कि केवल सोने के गहनों की कीमत ही लगभग छह से सात लाख रुपये आंकी जा रही है। नकदी और अन्य सामान को मिलाकर कुल नुकसान लाखों रुपये का बताया जा रहा है।

 

घटना की सूचना मिलते ही मुगलसराय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की जा रही है। रेलवे कॉलोनी में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से कर्मचारियों और स्थानीय निवासियों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!