
चंदौली। बाढ़ की स्थिति के बीच गुरुवार को विधायक सुशील सिंह ने बरहनी क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित मानिकपुर, नौबतपुर, चारी, चिरईगांव और दैथा समेत अन्य गांवों का दौरा किया। उन्होंने गांवों में जलभराव की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों तथा ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। विधायक ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
विधायक ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि आपदा की इस घड़ी में वह उनके साथ हैं और बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, राशन और आवश्यक दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी को परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने क्षेत्रीय लेखपाल को बाढ़ से हुए नुकसान का पारदर्शी और त्वरित सर्वे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण फसल, मकान और पशुधन को हुई क्षति का सही आकलन कर रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत की जाए, जिससे प्रभावित लोगों को समय से नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
विधायक ने अधिकारियों से राहत कार्यों की जानकारी लेते हुए प्रभावित गांवों में लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों की जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और राहत सामग्री के वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। इस दौरान एसडीएम सदर चंदौली संजय राय, कानूगो भगवती तिवारी, लेखपाल शैलेश कुमार, महेंद्र सिंह प्रमुख प्रतिनिधि बरहनी, विपिन सिंह मंडल अध्यक्ष, वीरेंद्र सिंह, शिव शंकर मौर्य, बब्बन राम, कमलेश गुप्ता, रामानंद पांडे, अनुज पांडे, मोहन पांडे और शिव प्यारे दुबे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

