ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: त्योहारों से पहले चंदौली पुलिस का सख्त एक्शन, 1198 वाहनों का चालान, 20.16 लाख रुपये का शमन शुल्क लगाया, हेलमेट से लेकर मॉडिफाइड साइलेंसर तक पर कार्रवाई

चंदौली। नवरात्रि और दुर्गापूजा के मद्देनजर चंदौली पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए जिलेभर में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। 17 और 18 अक्टूबर को चलाए गए इस अभियान के दौरान यातायात पुलिस और जनपदीय पुलिस की संयुक्त टीमों ने प्रमुख मार्गों और चौराहों पर वाहनों की जांच की। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कुल 1198 वाहनों का चालान किया गया। इन पर कुल 20 लाख 16 हजार 500 रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया।

 

उच्चाधिकारियों के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा के पर्यवेक्षण और मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया गया। त्योहारों के दौरान सड़कों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए कार्रवाई तेज की।

हेलमेट से लेकर गलत नंबर प्लेट तक पर कार्रवाई

अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, बाइक पर तीन सवारी बैठाने, शराब पीकर वाहन चलाने, मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करने और दोषपूर्ण नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वालों पर भी शिकंजा कसा गया।

 

पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ ही यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखना है। प्रमुख चौराहों और मार्गों पर चेकिंग के जरिए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को दंडित किया गया।

 

नियमों का पालन करने की अपील

चंदौली पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने की अपील की है। पुलिस ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और शराब पीकर ड्राइविंग नहीं करने की सलाह दी है। साथ ही वाहन के जरूरी दस्तावेज और नंबर प्लेट सही रखने तथा निर्धारित स्थान पर ही पार्किंग करने को कहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!