ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: एरियर भुगतान और नियमितीकरण की मांग पर अनुदेशकों का सातवां क्रमिक अनशन, सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पूर्ण अनुपालन कराने की मांग

चंदौली। परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में करीब 14 वर्षों से कार्यरत अनुदेशक शिक्षकों ने लंबित एरियर भुगतान और नियमितीकरण की मांग को लेकर रविवार को सातवां क्रमिक अनशन जारी रखा। ग्राम सेवखर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास जुटे अनुदेशकों ने सर्वोच्च न्यायालय के चार फरवरी 2026 के आदेश का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित कराने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सेवा देने के बावजूद अनुदेशकों को अपने मानदेय, सेवा सुरक्षा और भविष्य को लेकर संघर्ष करना पड़ रहा है।

 

परिषदीय अनुदेशक उत्थान समिति के बैनर तले जारी अनशन में वक्ताओं ने कहा कि अनुदेशक शिक्षक पिछले लगभग 14 वर्षों से विद्यालयों में लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे बच्चों की शिक्षा और उनके भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन उनकी लंबित समस्याओं का अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। समिति ने मांग की कि अनुदेशकों के बकाया एरियर का अविलंब भुगतान किया जाए और उन्हें उनके वर्तमान पद पर ही नियमित किया जाए।

 

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन पर जोर

समिति ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा चार फरवरी 2026 को पारित आदेश का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। आदेश के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। अनुदेशकों के लंबित आर्थिक मामलों का निस्तारण करते हुए नियमितीकरण की मांग पर भी प्रभावी कार्रवाई की जाए।

 

वक्ताओं ने कहा कि यह संघर्ष केवल आर्थिक लाभ तक सीमित नहीं है, बल्कि सम्मान, सेवा की स्थिरता और न्यायसंगत भविष्य से जुड़ा है। वर्षों तक विद्यालयों में जिम्मेदारी निभाने वाले शिक्षकों को अपने अधिकारों के लिए बार-बार आंदोलन करना पड़े, यह चिंताजनक है।

 

संवैधानिक तरीके से जारी रहेगा आंदोलन

समिति ने स्पष्ट किया कि क्रमिक अनशन किसी व्यक्ति या संगठन के विरोध में नहीं, बल्कि अधिकारों की प्राप्ति और सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन के उद्देश्य से किया जा रहा है। अनुदेशक लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी मांगें सरकार और संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाते रहेंगे।

इस दौरान महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बीनू यादव, इंदुबाला, शशिकला सिंह, सोनी सोनकर, अमरनाथ राय, नरेंद्र कुमार, प्रकाश सिंह, संतोष कुमार, रामनरेश यादव, हैदर अली, अजित कुमार, संजय कुमार, सुरेश जायसवाल, शैलेश कुमार, स्वदेश भारती, अश्वनी कुमार और शत्रुघ्न सोनकर समेत दर्जनों अनुदेशक मौजूद रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!