ख़बरेंचंदौली

एयर शो : डीआईजी वैभव कृष्ण ने चंदौली में परखी तैयारी, पचफेड़वा से पड़ाव तक प्रमुख मार्गों का निरीक्षण, यातायात और भीड़ नियंत्रण के लिए दिए सख्त निर्देश

चंदौली। वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो-2026 के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण ने चंदौली का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता बरतने तथा ड्यूटी में किसी तरह की लापरवाही न करने के निर्देश दिए।

 

डीआईजी ने पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल की मौजूदगी में पचफेड़वा स्थित एसआरवीएस कॉलेज में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की। इसमें एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और पुलिस बल की तैनाती की समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिया कि दर्शकों की आवाजाही सुगम और सुरक्षित होनी चाहिए। निर्धारित पार्किंग स्थलों का प्रभावी इस्तेमाल कराया जाए और सभी पुलिसकर्मी अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पूरी सतर्कता के साथ तैनात रहें।

डीआईजी ने आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एयर शो के दौरान आमजन को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी और कर्मचारी समय से ड्यूटी पर पहुंचें और दिए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।

 

बैठक के बाद डीआईजी ने पचफेड़वा क्षेत्र, चकिया तिराहा, पड़ाव और पड़ाव चौराहे के आसपास के प्रमुख मार्गों और घाट क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान यातायात संचालन और भीड़ नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन का जोर आयोजन के दौरान सुरक्षा बनाए रखने और आमजन की आवाजाही को व्यवस्थित रखने पर है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!