
चंदौली। कर्मनाशा नदी के तटवर्ती दैथा गांव में गुरुवार को बाढ़ के पानी में डूबने से 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
दैथा गांव निवासी सुदेश्वर पांडेय का पुत्र रामदेव उर्फ सोनू पांडेय (21) गुरुवार को अपने खेत की ओर गया था। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में बाढ़ का पानी भरा होने के कारण खेत के पास उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते युवक डूब गया।
काफी देर तक घर नहीं लौटने पर स्वजन उसकी तलाश करते हुए खेत की ओर पहुंचे। युवक के डूबने की आशंका पर परिजनों और ग्रामीणों ने पानी में खोजबीन शुरू की, जहां कुछ देर बाद रामदेव का शव बरामद हुआ। स्वजन उसे पानी से बाहर निकालकर घर ले आए।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही मां मीरा देवी समेत अन्य स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। रामदेव तीन भाइयों में सबसे छोटा था। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में मातम छा गया।
ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ के कारण गांव के अधिकांश खेत पानी में डूबे हुए हैं। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने से लोगों के लिए खेतों की ओर जाना भी जोखिम भरा बना हुआ है।
सूचना मिलने पर कंदवा थानाध्यक्ष विनोद कुमार और रामपुर चौकी प्रभारी विजय राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

