ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: गार्गी पटेल से मिले राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, बोले- महिला उत्पीड़न के दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई, दोषियों के साथ तस्वीर पर दी सफाई

चंदौली। उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने शनिवार को जिला अस्पताल पहुंचकर उपचाराधीन समाजवादी पार्टी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

 

राज्यमंत्री ने कहा कि किसी भी महिला के साथ इस प्रकार की हिंसक घटना निंदनीय है। योगी सरकार महिला सुरक्षा और सम्मान को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा कानून को हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल लोगों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

 

हंसराज विश्वकर्मा से आरोपितों के साथ उनकी तस्वीर वायरल होने को लेकर भी सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान वह अपनी पार्टी के एक सभासद के यहां गए थे, जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। उसी दौरान कई लोगों ने उनका स्वागत किया और तस्वीरें खिंचवाई थीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वायरल की जा रही तस्वीर उसी कार्यक्रम की है और उसे जानबूझकर भ्रामक तरीके से प्रचारित किया जा रहा है।

 

राज्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों पर मारपीट का आरोप है, उन्हें कार्यक्रम में भाजपा की सदस्यता नहीं दिलाई गई थी। उन्होंने दावा किया कि घटना को अंजाम देने वाले लोगों का संबंध समाजवादी पार्टी से है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का राजनीतिक चरित्र हमेशा महिला विरोधी रहा है और यह घटना उसी मानसिकता को उजागर करती है।

 

हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि गार्गी पटेल सबसे पहले एक महिला हैं और महिला सम्मान के मुद्दे पर भाजपा उनके साथ खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई होगी और दोषियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

Back to top button
error: Content is protected !!