
चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से ट्रक में छिपाकर ले जाई जा रही 1185 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब की कुल मात्रा 10,451.52 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये है। शराब को लकड़ी के बुरादे की बोरियों के नीचे छिपाकर हरियाणा से बिहार ले जाया जा रहा था।
एएसपी विक्रम दहिया ने बताया कि स्वाट, सर्विलांस और सैयदराजा थाना पुलिस की संयुक्त टीम रविवार को एनएच-19 की उत्तरी लेन पर काले शाह बाबा की मजार के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चंदौली की ओर से आ रहे संदिग्ध अशोक लेलैंड ट्रक संख्या MH 18 BZ 7720 को पुलिस ने रोक लिया। पुलिस को देखते ही चालक ट्रक से उतरकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेरा राम उर्फ सुरेश कुमार निवासी टाकुबेरी, थाना सिंधारी, जनपद बाड़मेर, राजस्थान के रूप में हुई। तलाशी के दौरान ट्रक के पिछले हिस्से में पीली प्लास्टिक की बोरियों में भरे लकड़ी के बुरादे के नीचे विभिन्न ब्रांडों की शराब की पेटियां बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक बरामद शराब में किंग्स गोल्ड, इम्पीरियल ब्लू, मैकडॉवेल्स, पार्टी स्पेशल और सुपर जुबली ब्रांड शामिल हैं। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह करीब एक लाख रुपये के लालच में पानीपत, हरियाणा के पास एक अज्ञात व्यक्ति से शराब लदा ट्रक लेकर बिहार जा रहा था। वहां शराब को ऊंचे दाम पर बेचने की योजना थी। पुलिस से बचने के लिए शराब के ऊपर लकड़ी का बुरादा लदा गया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सैयदराजा थाने में आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। उसके पास से आईफोन-15, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पीली धातु का लॉकेट, 660 रुपये नकद, पर्स, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पैन कार्ड भी बरामद हुए हैं। कार्रवाई में सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक बलबीर सिंह सहित थाना पुलिस और स्वाट-सर्विलांस टीम के रामजनम यादव, आशीष मिश्रा समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

