ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली में कृषक समृद्धि योजना और भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ, पात्र किसानों को मिलेगा छह लाख रुपये तक का ऋण

चंदौली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना और भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया। इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण चंदौली कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनपदीय कार्यक्रम में किया गया। योजना के तहत जिले के पात्र किसानों को छह प्रति ब्याज पर चह लाख रुपये तक का ऋण प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह सहित सहकारिता विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और किसान मौजूद रहे।

 

किसानों को मिलेगा रियायती दर पर दीर्घकालीन ऋण

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि इसका उद्देश्य लघु एवं सीमांत किसानों को सुलभ और रियायती दर पर दीर्घकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराना है। उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड के माध्यम से संचालित इस योजना से कृषि उत्पादकता और किसानों की आय बढ़ाने के साथ कृषि आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

योजना के तहत पात्र किसानों को छह लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण छह प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। समय से ऋण की किस्तें जमा करने वाले पात्र किसानों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान का लाभ भी मिलेगा। उत्तर प्रदेश सरकार ने योजना के लिए 384 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। आगामी पांच वर्षों में करीब पांच लाख किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कृषि के साथ अन्य कृषि आधारित गतिविधियों और आवश्यक पूंजीगत निवेश के लिए भी ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। ऋण स्वीकृति प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था पर जोर दिया गया है।

 

चालकों के सशक्तीकरण को बढ़ावा देगी भारत टैक्सी

इसी अवसर पर भारत टैक्सी सेवा का भी शुभारंभ किया गया। सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड द्वारा संचालित यह सहकारी नेतृत्व वाला डिजिटल राइड हेलिंग प्लेटफॉर्म है। ‘सारथी ही मालिक’ की भावना के तहत चालक इसमें सदस्य और हितधारक के रूप में जुड़ते हैं। इसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय और किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ चालकों के आर्थिक-सामाजिक सशक्तीकरण तथा रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देना है।

 

किसानों तक योजना पहुंचाने की अपील

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक सुशील सिंह, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता रविप्रकाश सिंह, अपर जिला सहकारी अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी, इफको प्रतिनिधि सहित बी-पैक्स के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव मौजूद रहे। अधिकारियों ने सहकारी समितियों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और पात्र किसानों को इससे जोड़ने की अपील की। उपस्थित किसानों एवं सहकारिता प्रतिनिधियों ने इन पहलों को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग का आश्वासन दिया।

 

Back to top button
error: Content is protected !!