
चंदौली। बबुरी थाना क्षेत्र के श्रीकंठपुर गांव में बुधवार की सुबह होमगार्ड का शव तख्त के नीचे पड़ा मिला। कान से खून निकल रहा था। परिजनों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को बुधवार की सुबह डायल 112 के जरिये सूचना मिली कि होमगार्ड विजय बहादुर (52 वर्ष) का शव श्रीकंठ गांव स्थित उनके मकान में तख्त के नीचे पड़ा है। उनके कान से खून निकल रहा है। सूचना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस ने घटना को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य इकट्ठा किए। विजय कुमार भारती की ड्यूटी इस समय अलीनगर थाने में थी। मंगलवार को ड्यूटी के बाद देर शाम घर चले गए थे। सीओ मुगलसराय अरूण कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का सही पता चल सकेगा।

