ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : चंदौली में झमाझम बारिश, इलिया प्राथमिक विद्यालय में भरा पानी, बच्चों के लिए बढ़ी परेशानी

चंदौली। यूपी-बिहार सीमा से सटे इलिया कस्बे के प्राथमिक विद्यालय नंबर-2 में गुरुवार सुबह हुई तेज बारिश के बाद विद्यालय परिसर पूरी तरह जलमग्न हो गया। जलभराव की स्थिति इतनी गंभीर रही कि पूरा परिसर किसी तालाब जैसा दिखाई देने लगा। इससे छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा, जबकि विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियां भी प्रभावित हुईं।

 

बारिश का पानी विद्यालय परिसर में भर जाने के कारण बच्चों को घुटनों तक पानी में होकर विद्यालय पहुंचना पड़ा। कई छोटे बच्चे जलभराव देखकर सहम गए और अभिभावकों के साथ वापस लौट गए। वहीं जो छात्र विद्यालय पहुंचे, उन्हें भी कक्षाओं तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। परिसर में पानी भरे रहने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रही।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रभु कुमार ने बताया कि जल निकासी की नाली अवरुद्ध होने के कारण वर्षा का पानी बाहर नहीं निकल सका और पूरे परिसर में भर गया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का समस्त स्टाफ समय पर उपस्थित रहा, लेकिन जलभराव की वजह से शिक्षण कार्य सामान्य रूप से संचालित नहीं हो सका। कई बच्चों की उपस्थिति भी प्रभावित हुई।

 

प्रधानाध्यापक ने आशंका जताई कि यदि आगामी दिनों में लगातार बारिश होती रही तो पानी विद्यालय के कमरों तक पहुंच सकता है। ऐसी स्थिति में पठन-पाठन पूरी तरह बाधित होने के साथ-साथ विद्यालय की शैक्षणिक सामग्री और अन्य संसाधनों को भी नुकसान पहुंचने की संभावना है।

 

स्थानीय लोगों ने भी विद्यालय परिसर से जल्द जल निकासी कराने की मांग की है। प्रधानाध्यापक ने संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन से नाली की तत्काल सफाई कराने तथा स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है, ताकि छात्र-छात्राओं को सुरक्षित एवं सुचारु शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

 

Back to top button
error: Content is protected !!