ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: बलुआ पुल से गुजर रहे ओवरलोड वाहन, ग्रामीणों ने लापरवाही का लगाया आरोप

चंदौली। बलुआ पुल पर ओवरलोड ट्रकों और डंपरों की बेरोकटोक आवाजाही से पुल की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आने लगी हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बलुआ पुलिस की कथित मिलीभगत से क्षमता से कई गुना अधिक भार लादकर भारी वाहन दिन-रात पुल से गुजर रहे हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।

 

ग्रामीणों के मुताबिक, पुल पर निर्धारित भार क्षमता से अधिक वजन वाले वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित है। इसके बावजूद भारी वाहन बेखौफ होकर पुल पार कर रहे हैं। आरोप है कि कुछ पुलिसकर्मी कथित तौर पर सुविधा शुल्क लेकर ओवरलोड ट्रकों और डंपरों को गुजरने की छूट दे रहे हैं। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार ओवरलोड वाहनों के गुजरने से पुल की संरचना पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। यदि समय रहते इस पर अंकुश नहीं लगाया गया तो पुल को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

 

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही पुल की तकनीकी जांच कराकर उसकी वर्तमान स्थिति का आकलन करने और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने की अपील की है।

Back to top button
error: Content is protected !!