
चंदौली। उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस (पूर्वी जोन) ने शुक्रवार को चकिया स्थित गांधी पार्क में विशेष पंजीकरण शिविर लगाकर युवाओं और छात्रों से प्रयागराज में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज‘ कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। शिविर का नेतृत्व अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला ने किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस (पूर्वी जोन) के अध्यक्ष डॉ. राम अधार जोसफ ने की। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं का पंजीकरण किया गया। उनसे 8 अगस्त को प्रयागराज पहुंचकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के समक्ष अपनी समस्याएं रखने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिलेश शुक्ला ने कहा कि देश के युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर राहुल गांधी लगातार आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘छात्रों की गूंज‘ कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को अपनी समस्याएं सीधे रखने का अवसर देना है। पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाएं सरकार की नाकामी और उसकी मिलीभगत का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि लाखों परिवार आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने के लिए कर्ज लेते हैं, कई माता-पिता अपने गहने तक बेच देते हैं, ताकि उनके बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर या अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल होकर भविष्य संवार सकें। लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं युवाओं की मेहनत और सपनों पर पानी फेर रही हैं।
अखिलेश शुक्ला ने यह भी कहा कि हाल के दिनों में जब देशभर के छात्र अपनी मांगों को लेकर जंतर-मंतर पहुंचे और शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया, तब उन्हें पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास किया गया, जबकि उनकी मांगें भविष्य और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. राम अधार जोसफ ने कहा कि देश का युवा ही भारत का भविष्य है और उसके हितों की रक्षा करना हर सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संसद से लेकर सड़क तक छात्रों और युवाओं के मुद्दों को लगातार उठा रही है। उन्होंने छात्रों से अधिक से अधिक संख्या में प्रयागराज पहुंचकर अपनी बात रखने और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की।
शिविर के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं का पंजीकरण किया गया तथा उन्हें कार्यक्रम की रूपरेखा और भागीदारी की जानकारी दी गई। इस अवसर पर दिलीप मिश्रा, शशिनाथ उपाध्याय, प्रदीप मिश्रा, कन्हैया यादव, गंगा प्रसाद, असगर अली, आजम खान, सौरभ पांडेय, कमलेश संत, यशवंत मौर्य, मृत्युंजय पांडेय सहित किसान कांग्रेस के पदाधिकारी और अनेक छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विनोद सिंह ने किया।

