ख़बरेंचंदौली

जनगणना-2027 की तैयारी तेज, चंदौली में 16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना, 30 नवंबर तक ऑनलाइन भर सकेंगे अपना विवरण, एक दिसंबर से चार जनवरी तक घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

चंदौली। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक नागरिकों के लिए स्व-गणना की सुविधा शुरू होगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। अभियान को सफल बनाने और आम लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला मुख्यालय पर पत्रकारों, डिजिटल मीडिया प्रतिनिधियों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक की अध्यक्षता जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार ने की। इसका संचालन जिला प्रभारी जनगणना, लखनऊ मनोज कुमार सिंह कुशवाहा ने किया। इस दौरान जनगणना के दूसरे चरण की प्रक्रिया, निर्धारित समय-सारिणी और नागरिकों की सहभागिता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

 

पोर्टल पर 15 दिन तक मिलेगी स्व-गणना की सुविधा

अधिकारियों ने बताया कि नागरिक 16 से 30 नवंबर तक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर स्वयं अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत विवरण एकत्र करेंगे। इस दौरान नागरिकों को अपनी स्व-गणना आईडी उपलब्ध करानी होगी।

 

प्रचार-प्रसार में सहयोग की अपील

बैठक में प्रशासन ने पत्रकारों, डिजिटल मीडिया संगठनों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की। इसके लिए व्हाट्सएप समूहों, सोशल मीडिया हैंडल्स और वेबसाइटों का उपयोग करने पर जोर दिया गया, ताकि जनगणना को लेकर अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जा सके।

 

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि में स्व-गणना जरूर करें। यदि ऑनलाइन स्व-गणना नहीं कर पाते हैं तो घर पहुंचने वाले प्रगणक को स्व-गणना आईडी अथवा उत्तर प्रदेश शासन द्वारा अधिसूचित 40 प्रश्नों से संबंधित सही और पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं। अधिकारियों ने जनगणना कार्य में आमजन की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

Back to top button
error: Content is protected !!