
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के प्रभुपुर गांव स्थित पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय में बुधवार देर रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर विद्यालय परिसर में घुसकर मिड-डे मील किचन का ताला तोड़ते हुए गैस सिलेंडर, खाद्यान्न, बर्तन, टब, पानी की बाल्टी, बिजली के बोर्ड, तार समेत हजारों रुपये मूल्य का सामान लेकर फरार हो गए। घटना से विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया।
गुरुवार सुबह विद्यालय खुलने पर प्रधानाध्यापिका और शिक्षक जब परिसर पहुंचे तो किचन का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा था। चोरी की जानकारी मिलते ही तत्काल ग्राम प्रधान और डायल-112 पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रधानाध्यापिका ने बताया कि चोरों ने केवल किचन को ही निशाना नहीं बनाया, बल्कि विद्यालय के एक-दो अन्य कमरों और प्रधानाध्यापक कार्यालय का ताला तोड़ने का भी प्रयास किया। हालांकि, वे उन कमरों में प्रवेश करने में सफल नहीं हो सके। इसके बावजूद किचन में रखा उपयोगी सामान अपने साथ ले गए।
विद्यालय प्रशासन का कहना है कि चोरी हुए सामान का उपयोग मिड-डे मील योजना के संचालन में किया जाता था। ऐसे में इस घटना से विद्यालय की दैनिक व्यवस्थाएं प्रभावित होने की आशंका है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है। विद्यालय प्रशासन ने जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है।

