
चंदौली। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने जनपद के सभी मिशन शक्ति केंद्र प्रभारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में महिला संबंधी शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के साथ पीड़िताओं को हर स्तर पर सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मिशन शक्ति अभियान के तहत निर्धारित स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति केंद्रों पर आने वाले प्रत्येक प्रार्थना पत्र को गंभीरता से लिया जाए और हर शिकायत की निष्पक्ष एवं तथ्यपरक जांच कर निर्धारित प्रारूप के अनुसार विस्तृत जांच रिपोर्ट समय से प्रस्तुत की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी शिकायत में लगाए गए प्रत्येक आरोप की अलग-अलग जांच कर उसका स्पष्ट निष्कर्ष रिपोर्ट में दर्ज होना चाहिए।
एसपी ने कहा कि मिशन शक्ति केंद्रों की भूमिका केवल शिकायत दर्ज कराने या समझौता कराने तक सीमित नहीं है। महिला उत्पीड़न के मामलों में पीड़िताओं को विधिक सहायता, सामाजिक सहयोग, मनोवैज्ञानिक परामर्श, पुनर्वास और आर्थिक सहायता जैसी सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि एफआईआर दर्ज होना किसी मामले का अंतिम पड़ाव नहीं है, बल्कि पीड़िता को न्याय दिलाने की पूरी प्रक्रिया में उसके साथ खड़ा रहना मिशन शक्ति केंद्रों का दायित्व है।
बैठक में सभी प्रभारियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी), जिला प्रोबेशन अधिकारी, वन स्टॉप सेंटर, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं तथा अन्य संबंधित विभागों के संपर्क सूत्र अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए, ताकि जरूरत पड़ने पर पीड़ित महिलाओं को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित महिला चौपाल आयोजित करने, महिलाओं और बालिकाओं से संवाद स्थापित करने तथा उन्हें उनके अधिकारों, महिला सुरक्षा कानूनों, हेल्पलाइन सेवाओं और शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का मूल उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण स्थापित करना है, जिसे संवेदनशीलता, जवाबदेही और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से ही सफल बनाया जा सकता है।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन सतीश चंद्र शुक्ला, महिला सहायता प्रकोष्ठ प्रभारी सहित मिशन शक्ति केंद्रों के सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

