
- चंदौली में आयोजित समारोह में 800 से अधिक महिलाओं ने लिया हिस्सा, लाइव प्रसारण के जरिए सुना मुख्यमंत्री का संबोधन
- लोकमाता अहिल्याबाई मातृ शक्ति निशुल्क बस यात्रा योजना के तहत 27 से 29 अगस्त तक महिलाओं को मुफ्त यात्रा, 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को जीवनभर निशुल्क बस सेवा
- आईटीआई रेवसा सभागार में हुआ भव्य स्वागत समारोह, मुख्यमंत्री के लखनऊ कार्यक्रम का किया गया सीधा प्रसारण
- राज्य मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयाल’ ने महिलाओं को अंगवस्त्र और मिठाई भेंट की, विधायक रमेश जायसवाल ने गिनाईं महिला कल्याण योजनाएं
चंदौली। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर बुधवार को आईटीआई रेवसा सभागार में महिलाओं के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 800 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयाल’ ने की। इस दौरान लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया।
मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के अवसर पर ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृ शक्ति निशुल्क बस यात्रा योजना’ के तहत प्रदेश की महिलाओं को 27 से 29 अगस्त तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम और सिटी बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की। इसके साथ ही 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को पहचान पत्र दिखाने पर उत्तर प्रदेश के भीतर परिवहन निगम की बसों में आजीवन मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए महिला सशक्तीकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि तीन दिनों तक महिलाएं अपने सहयात्री के साथ भी निशुल्क बस यात्रा कर सकेंगी। 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाएं प्रदेश में कहीं भी बिना किराया यात्रा कर सकेंगी।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयाल’ ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि माताओं और बहनों के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन का संकल्प भी है। उन्होंने कहा कि सरकार मातृशक्ति के साथ खड़ी है। तीन दिन की मुफ्त बस यात्रा और 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए आजीवन निशुल्क यात्रा की सुविधा महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

पीडीडीयू नगर विधायक रमेश जायसवाल ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री सुपोषण योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास और मिशन शक्ति सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान, शिक्षा और स्वावलंबन को बढ़ावा दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मंत्री और जनप्रतिनिधियों ने महिलाओं को अंगवस्त्र व मिठाई भेंट कर उनका सम्मान किया। महिलाओं ने सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए आयोजन पर प्रसन्नता जताई।

