
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर जानलेवा हमले और फायरिंग का मामला सामने आया है। नेशनल हाईवे के पास पचफेड़वा स्थित एसआर बीएस स्कूल के समीप मोहम्मद सुफियान पर लाठी-डंडों से हमला करने और तमंचे से गोली चलाने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी रह चुके भोला भारती समेत चार आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा है।
आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते चार लोगों ने मोहम्मद सुफियान को घेर लिया और लाठी-डंडों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। इसी दौरान भोला भारती ने तमंचे से उस पर फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि गोली चलने के दौरान सुफियान झुक गया, जिससे वह बाल-बाल बच गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
इस मामले में भोला भारती का पुराना आपराधिक इतिहास भी चर्चा में है। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। बाद में वह न्यायालय से जमानत पर बाहर आया। अब एक बार फिर उस पर जानलेवा हमले और फायरिंग में शामिल होने का आरोप लगा है। हालांकि, घटना में उसकी भूमिका और फायरिंग के आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी। अलीनगर पुलिस ने भोला भारती समेत चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों, आरोपियों की भूमिका और अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
डीआईजी ने लिया संज्ञान, दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
अलीनगर क्षेत्र में युवक पर हुए हमले के मामले में डीआईजी वैभव कृष्ण ने संज्ञान लिया है। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है। डीआईजी के हस्तक्षेप के बाद पुलिस की कार्रवाई पर निगाहें टिकी हैं। अब देखना होगा कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई होती है।

