
चंदौली। धीना क्षेत्र में लंबे समय से जारी बिजली कटौती, कम वोल्टेज और बार-बार हो रही ट्रिपिंग से नाराज किसानों का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा। बड़ी संख्या में किसान अमड़ा विद्युत उपकेंद्र पहुंचे और मुख्य गेट पर ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों ने आरोप लगाया कि पर्याप्त बिजली आपूर्ति न होने के कारण धान की नर्सरी और अन्य खरीफ फसलों की सिंचाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
किसानों का कहना रहा कि अमड़ा विद्युत उपकेंद्र पर लगातार बढ़ रहे लोड के कारण कर्मनाशा नदी के तटवर्ती क्षेत्र के हजारों उपभोक्ता बिजली संकट झेलने को मजबूर हैं। उनका आरोप है कि क्षेत्र में न तो निर्धारित समय के अनुसार बिजली मिल रही है और न ही पर्याप्त वोल्टेज उपलब्ध हो पा रहा है। बार-बार ट्रिपिंग होने से सिंचाई के लिए लगाए गए विद्युत मोटर भी ठीक से संचालित नहीं हो पा रहे हैं, जिससे खेती-किसानी पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। घरेलू उपभोक्ताओं को भी लगातार बिजली की आंख-मिचौली का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन में शामिल मुन्ना सिंह, रतन कुमार सिंह, दरोगा राय, पंकज राय, दिवाकर पांडेय सहित अन्य किसानों ने बिजली विभाग और शासन से मांग की कि ररूआ पावरहाउस के स्वतंत्र फीडर, जिसे वीरासराय पंप कैनाल की विद्युत लाइन से जोड़ा गया है, उस पर चिरईगांव में 10 एमवीए क्षमता का नया विद्युत उपकेंद्र स्थापित किया जाए। किसानों का कहना है कि नया उपकेंद्र बनने से कर्मनाशा नदी किनारे बसे गांवों को पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण बिजली मिल सकेगी। साथ ही अमड़ा विद्युत उपकेंद्र पर बढ़ते अतिरिक्त लोड का दबाव भी कम होगा, जिससे पूरे क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था में सुधार आएगा।
किसानों के अनुसार प्रस्तावित उपकेंद्र बनने से नौबतपुर पोखरा रेलवे क्रॉसिंग, चारी, चिरईगांव, दैथा, मुड्डा, धनाईतपुर, अरंगी, परसिया, रामपुर, महुजी कुआं सहित आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही बिजली संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही बिजली विभाग और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अमड़ा विद्युत उपकेंद्र पर अधीक्षण अभियंता (एसई), अधिशासी अभियंता (एक्सईएन), एसडीओ और जेई सहित विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। वहीं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीओ चंदौली के नेतृत्व में कंदवा, सकलडीहा और सैयदराजा थानों की पुलिस फोर्स भी तैनात की गई।

