ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: अचानक एआरटीओ कार्यालय पहुंचे डीएम, एआरटीओ, पीआरओ व तीन कर्मचारी मिले गैरहाजिर, फाइलों का रखरखाव में लापरवाही, कर्मियों का वेतन रोका, नोटिस के दिए निर्देश

चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने शनिवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। अचानक पहुंचे जिलाधिकारी को कार्यालय में कई स्तर पर अव्यवस्था मिली। निरीक्षण के दौरान तीन कर्मचारी समेत एआरटीओ तथा पीआरओ अधिकारी/कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए अनुपस्थित कर्मियों का एक दिन का वेतन बाधित करने और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कार्यालय के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण करने के साथ ही महत्वपूर्ण पत्रावलियों और अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति देखी। कई फाइलों पर धूल जमी मिलने और उनके व्यवस्थित ढंग से न रखे जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी शासकीय अभिलेखों और पत्रावलियों को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रखा जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें आसानी से उपलब्ध कराया जा सके।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासनहीनता, लापरवाही और कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को कार्यालयीन व्यवस्था में तत्काल सुधार करने और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

 

डीएम ने कार्यालय में अपने कार्यों के लिए पहुंचे नागरिकों से भी सीधे बातचीत की। उन्होंने लोगों से कार्यालय में दलालों के हस्तक्षेप, काम कराने में होने वाली परेशानी और अनावश्यक देरी के संबंध में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एआरटीओ कार्यालय में पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और आवेदकों के कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं।

 

उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग सीधे तौर पर आम जनता से जुड़ा महत्वपूर्ण विभाग है। ऐसे में यहां आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो और उन्हें त्वरित एवं पारदर्शी सेवाएं मिलें, यह अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

 

निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने, शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने और आवेदकों के बैठने के लिए पर्याप्त एवं व्यवस्थित स्थान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। डीएम के औचक निरीक्षण से कार्यालय में हड़कंप की स्थिति रही।

 

Back to top button
error: Content is protected !!