
चंदौली : जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बिजली विभाग की समीक्षा बैठक की गई। इसमें जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को रोस्टर अनुसार विद्युत आपूर्ति प्रदान करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं को सही तरीके से बिजली आपूर्ति कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है, साथ ही बिजली सब स्टेशन पर कर्मचारी 24 घंटे मौजूद रहें। जनपद के किसी भी कोने से सब स्टेशन पर फोन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों को रजिस्टर में अंकित करें। शिकायत प्राप्त होते ही आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। कहा कि शिकायत प्राप्त होते ही ऑनलाइन शिकायतों का फीडबैक लिया जाए। उन्होंने विद्युत आपूर्ति को सुचारू रूप से बनाए रखने के लिए ओवरलोड ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि नए ट्रांसफार्मर लगाने और ओवरलोड लाइनों को विभाजित किए जाने के निर्देश दिए। कहा कि खराब ट्रांसफार्मर को समय अवधि में ठीक करने का कार्य त्वरित रूप से किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं को पर्याप्त विद्युत उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता व उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा अनुरूप सभी विद्युत कार्मिक उपभोक्ताओं के हित में कार्य करें। उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान भी करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के कार्यों में लापरवाही पाए जाने, उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार करने व उन्हें अकारण परेशान करने और भ्रष्टाचार की शिकायत पर ऐसे कार्मिक बक्से नहीं जाएंगे। साथ ही विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं को दरकिनार करने वाले और उनके समाधान में जानबूझकर व्यवधान डालने वाले विद्युत कार्मिकों के खिलाफ कड़ी कर्रवाई अमल में लाई जाएगी। राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए सभी उपभोक्ताओं को समय से सही बिल दिया जाए। साथ ही शत प्रतिशत बिलिंग कराई जाए। बिल जमा करने के लिए शिविर का आयोजन किया जाए। शत प्रतिशत राजस्व वसूला जाए। अधीक्षण अभियंता विद्युत सहित अधिशासी अभियंता मौजूद थे।

