ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: सीएम और डीएम के आदेश के बावजूद बिजली का हाल बदहाल, भीषण गर्मी में चकिया उपकेंद्र से हो रही भीषण कटौती, रात में भी घंटों बिजली नदारद

चंदौली। सीएम योगी आदित्यनाथ और जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग के आदेश के बावजूद भीषण गर्मी और उमस भरे मौसम में चकिया उपकेंद्र क्षेत्र से बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं हो पा रही है। उतरौत फीडर पर लगातार बिजली कटौती से लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि दिन और रात मिलाकर 14 घंटे से अधिक बिजली कट रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि बिजली कुछ मिनटों के लिए आती है और फिर घंटों तक गायब हो जाती है। दो दिन पहले सीएम ने लखनऊ में मीटिंग कर बिजली आपूर्ति सुचारू करने के निर्देश दिए थे। वहीं सोमवार को जिलाधिकारी ने भी मीटिंग में बिजली विभाग के अफसरों को हिदायत दी। हालांकि, बिजली कटौती का सिलसिला जारी है।

 

क्षेत्र के लोगों का कहना है कि उमस भरी गर्मी में बिजली के बिना घरों में रहना मुश्किल हो गया है। पंखे, कूलर और पानी की मोटर बंद रहने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। रात में लगातार कटौती होने से लोगों की नींद भी पूरी नहीं हो पा रही है। उपभोक्ताओं के अनुसार बिजली विभाग कभी रोस्टरिंग तो कभी लोकल फॉल्ट का हवाला देकर आपूर्ति बाधित होने की बात कह रहा है। वहीं विभागीय अधिकारी यह कहकर अपनी मजबूरी जता रहे हैं कि ऊपर से पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है, जिसके कारण कटौती करनी पड़ रही है।

 

बताया जा रहा है कि चकिया उपकेंद्र के उतरौत फीडर पर स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। यहां के गांवों और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय तक बिजली गायब रहने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बिजली संकट के कारण पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है और छोटे कारोबारियों का कामकाज भी ठप पड़ने लगा है। स्थानीय लोगों ने विभागीय अधिकारियों से जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति सुचारू करने की मांग की है। उनका कहना है कि भीषण गर्मी के इस दौर में लगातार कटौती से लोगों का जीवन बेहाल हो गया है और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो जनआंदोलन की स्थिति बन सकती है।

Back to top button
error: Content is protected !!