
चंदौली। मुगलसराय थाना क्षेत्र में हुई हत्या की गुत्थी को पुलिस ने ऑपरेशन ‘त्रिनेत्र’ की मदद से सुलझा लिया है। पुलिस ने वारदात में वांछित आरोपी संदीप यादव उर्फ भोदू को गिरफ्तार कर मामले का सफल अनावरण कर दिया है।
घटना 30 नवंबर 2025 की है, जब चौकी जलीलपुर अंतर्गत ग्राम मढिया में बनारसी पटेल के प्लॉट पर ईंटों के ढेर के बीच एक अज्ञात युवक का शव पाया गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और पहचान रोहित साहनी (उम्र 30 वर्ष), निवासी बहादुरपुर थाना मुगलसराय के रूप में की। परिजनों की तहरीर पर संदीप यादव के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
हत्या के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के निर्देश पर पुलिस टीम ने तेजी से जांच शुरू की। अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चन्द्रशेखर और क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर कृष्ण मुरारी शर्मा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
सटीक सूचना पर पुलिस ने 1 दिसंबर को मढिया से आरोपी संदीप यादव उर्फ भोदू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि 29 नवंबर को वृंदावन लान के बाहर स्कूटी से उतरने और हटाने को लेकर हुए विवाद के बाद उसने गुस्से में आकर ईंट से वार कर रोहित की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

