
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र में बलुआ पुल से गंगा नदी में छलांग लगाने वाले युवक का शव तीसरे दिन रविवार को महुअरकला गांव के पास गंगा किनारे उतराया मिला। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। मृतक की शिनाख्त 25 वर्षीय रामप्रसाद राजभर पुत्र जुलाब राजभर निवासी उदयपुर, थाना चोलापुर के रूप में हुई है। परिजनों ने थाने पहुंचकर शव की शिनाख्त की।
शुक्रवार रात एक युवक बलुआ पुल पर अपनी बाइक खड़ी कर अचानक गंगा में कूद गया था। घटना को पीछे से आ रहे कुछ लोगों ने देख लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और निजी गोताखोरों तथा नाव की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। काफी देर तक खोजबीन के बावजूद युवक का कोई पता नहीं चल सका था।
रविवार सुबह महुअरकला गांव के पास गंगा किनारे युवक का शव उतराया मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। इस बीच पुलिस द्वारा जारी बाइक की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद परिजन बलुआ थाने पहुंचे और मृतक की पहचान रामप्रसाद राजभर के रूप में की।
पुलिस को युवक की बाइक पर रखे पर्स से एक पत्र भी मिला है, जिसमें ‘पूजा’ नाम का जिक्र होने की बात सामने आई है। पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला मान रही है। अधिकारियों के अनुसार किसी विवाद या मानसिक तनाव के चलते युवक ने यह कदम उठाया हो सकता है। हालांकि परिजनों ने इस तरह की किसी जानकारी से इनकार किया है।
परिजनों ने बताया कि रामप्रसाद ट्रक मैकेनिक का काम करता था। शुक्रवार रात वह घर से यह कहकर निकला था कि चिकन लेकर वापस आएगा, लेकिन फिर घर नहीं लौटा। पिछले तीन दिनों से परिवार के लोग उसकी तलाश में जुटे हुए थे। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।

