ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली में राज्यमंत्री ने अंशकालिक अनुदेशकों को बांटा बढ़े मानदेय का चेक, सीएम के कार्यक्रम का हुआ प्रसारण  

चंदौली। जनपद में अंशकालिक अनुदेशकों के सम्मान एवं उनके बढ़े हुए मानदेय वितरण के अवसर पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग, उत्तर प्रदेश डॉ. दयाशंकर मिश्र “दयालु” मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और कार्यक्रम की अध्यक्षता भी की। उन्होंने अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय का चेक वितरित किया। इस अवसर पर लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में आयोजित माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया।

मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद जनपद के 512 अंशकालिक अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. दयाशंकर मिश्र “दयालु”, राज्यसभा सांसद साधना सिंह, विधायक रमेश जायसवाल, विधायक सुशील सिंह, विधायक कैलाश आचार्य, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पण कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का बुके, माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने अंशकालिक अनुदेशकों को शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों को शिक्षा से जोड़ने में अनुदेशकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। साथ ही सभी से निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की गई। अतिथियों ने यह भी कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना केवल शिक्षकों ही नहीं, बल्कि सभी अनुदेशकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।

 

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई ने भी अनुदेशकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी कर्मचारी अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें और शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने में योगदान दें। समारोह का वातावरण उत्साहपूर्ण और गरिमामय रहा।

Back to top button
error: Content is protected !!