
चंदौली। दुल्हीपुर चौकी क्षेत्र के सतपोखरी स्थित सरकार लॉन के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजवाया। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कुंडा खुर्द गांव निवासी प्रीति यादव पत्नी सुरेंद्र यादव अपने परिजनों के साथ बाइक से जा रही थीं। इसी दौरान सतपोखरी के समीप सामने से आ रहे ईंट लदे ट्रैक्टर से बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि प्रीति यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वहीं बाइक चला रहे सुरेंद्र यादव पुत्र सुरेश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उषा यादव भी चोटिल हुई हैं। दोनों घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही दुल्हीपुर चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। कुछ ही देर बाद शिवाला चौकी प्रभारी भी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया तथा मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

