
चंदौली। पुलिस ने सूदखोरी पर सख्त कार्रवाई करते हुए सभासद पुत्र समेत चार नामजद और 7-8 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया है। पूर्व रेलकर्मी ने सभासद पुत्र अभिषेक जायसवाल उर्फ अनिकेत पर पैसे लेने के बावजूद घर में बंदकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।
पूर्व रेलकर्मी अभिषेक कुमार ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि उसने बीमारी का इलाज कराने के लिए अभिषेक जायसवाल से 5 प्रतिशत ब्याज पर 3,46,500 रुपये उधार लिए थे। उसने 2,64,500 रुपये नकद और ऑनलाईन भुगतान के जरिये जनवरी 2025 में ही लौटा दिए। बाकी रकम भी जल्द ही लौटा दूंगा।
पूर्व रेलकर्मी ने आरोप लगाया कि विपक्षी ने और अधिक पैसों की डिमांड की। धमकी दिया कि यदि वो पैसा नहीं दिया तो जान से मार देंगे और फर्जी मुकदमे में फंसा देंगे। इस पर उन्होंने कहा कि जो पैसा नहीं लिया वो उसे क्यों देंगे। इस पर उसे पकड़कर गल्ला मंडी ले जाकर खाली पड़े कमरे में बंद कर मारा-पीटा गया और मां-बहन की भद्दी गालियां दी गई। मारपीट में अभिषेक जायसवाल के साथ अन्य भी मौजूद रहे।
पुलिस ने सभासद राजेश जायसवाल के पुत्र अभिषेक जायसवाल, निमेश जायसवाल, आदर्श जायसवाल, सौरभ केशरवारी के साथ ही 7-8 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। दरअसल, एसपी आकाश पटेल ने अवैध सूदखोरों पर शिकंजा कसने का निर्देश दिया था। इसके चलते पुलिस इस मामले को लेकर एक्टिव हो गई है और सभासद पुत्र की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं।

