
चंदौली। फायर एनओसी जारी करने में अनावश्यक देरी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल ने बुधवार को मुख्य अग्निशमन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं, अभिलेखों, अग्निशमन वाहनों और उपकरणों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कार्यालय में रखे महत्वपूर्ण अभिलेखों और रजिस्टरों का बारीकी से अवलोकन किया। इनमें आपदा सूचना रजिस्टर, वाहन मेंटेनेंस रजिस्टर और ड्यूटी रोस्टर प्रमुख रहे। उन्होंने सभी अभिलेखों को नियमित रूप से अपडेट रखने और कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके बाद एसपी ने परिसर में खड़े अग्निशमन वाहनों, वाटर टेंडर, पंप और अन्य जीवन रक्षक उपकरणों की क्रियाशीलता की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी वाहन और अग्निशमन उपकरण 24 घंटे पूरी तरह ऑपरेशनल स्थिति में रहें, ताकि आगजनी या किसी अन्य आपात स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
एसपी ने क्विक रिस्पॉन्स टाइम पर विशेष जोर देते हुए कहा कि आग की सूचना मिलते ही कम से कम समय में घटनास्थल तक पहुंचने के लिए रूट प्लान और संसाधनों की पूर्व तैयारी दुरुस्त रखी जाए। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में नियमित फायर सेफ्टी मॉकड्रिल और जागरूकता कार्यक्रम कराने के भी निर्देश दिए गए। विद्यालयों, बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लोगों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी देने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान फायर सर्विस कर्मियों के बैरक, मेस और आवासीय परिसर का भी जायजा लिया गया। एसपी ने साफ-सफाई बनाए रखने के साथ कर्मचारियों को सतर्कता और अनुशासन के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
फायर एनओसी जारी करने में देरी की शिकायतों पर एसपी ने कहा कि एनओसी संबंधी मामलों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण होना चाहिए। आमजन से अपील की गई कि यदि किसी की फायर एनओसी अनावश्यक रूप से लंबित रखी जाती है तो वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय में इसकी सूचना दे सकता है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

