
चंदौली। मुगलसराय में सड़क चौड़ीकरण के लिए बुलडोजर एक्शन शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। भारी फोर्स की तैनाती के बीच ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। दूसरे दिन सपा कार्यालय तक सड़क के दक्षिणी तरफ की दुकानों और भवनों को तोड़ा गया। सुरक्षा के मद्देनजर एसडीएम, सीओ के नेतृत्व में भारी फोर्स तैनात की गई है।
मुगलसराय में सड़क चौड़ीकरण के लिए 250 मकानों को चिह्नित किया गया है। लोक निर्माण विभाग की ओर से चिह्नित भवन स्वामियों को नोटिस भेजकर दायरे में आने वाले निर्माण को खुद से हटाने का निर्देश दिया गया था। इसके बाद गुरुवार को प्रशासन ने जेसीबी लगाकर नगर में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी। शुक्रवार को भी कार्रवाई जारी रही।
सड़क के दक्षिणी तरफ सब्जी मंडी के पास से ध्वस्तीकरण कार्रवाई की शुरुआत की गई है। पहले चरण में सड़क की दक्षिण पटरी की दुकानें तोड़ी गईं। तीन जेसीबी से ध्वस्तीकरण कराया जा रहा है। अभियान के तहत लगभग 250 भवनों पर कार्रवाई होनी है। मौके पर मुगलसराय एसडीएम, सीओ, नगर पालिका ईओ के साथ ही पीडब्ल्यूडी के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है।

