ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: ऑपरेशन के नाम पर विधवा से 30 हजार मांगने का आरोप, पूर्व विधायक ने मेडिकल कॉलेज प्रधानाचार्य और सीएमओ से की शिकायत, महिला को निजी अस्पताल में कराया भर्ती

चंदौली। बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पैर के ऑपरेशन के नाम पर एक गरीब विधवा से 30 हजार रुपये मांगने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर पूर्व सैयदराजा विधायक मनोज सिंह डब्लू ने मामले को संज्ञान में लेते हुए मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य अमित सिंह और मुख्य चिकित्सा अधिकारी से शिकायत की। आरोप है कि अधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद भी महिला का ऑपरेशन नहीं किया गया। इसके बाद पूर्व विधायक ने महिला को बेहतर उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया और इलाज में हरसंभव मदद का भरोसा दिया।

 

धानापुर क्षेत्र के मेढ़वा गांव निवासी विधवा किताबी देवी के पैर में चोट के बाद करीब 10 दिन पहले मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक महिला को ऑपरेशन के लिए ओटी में ले गए, लेकिन वहां उनसे 30 हजार रुपये की मांग की गई। आरोप है कि पैसे देने में असमर्थता जताने पर चिकित्सक पंकज मौर्या ने ऑपरेशन करने से इनकार कर दिया और महिला को ओटी से बाहर भेज दिया। इसके बाद पैर में कच्चा प्लास्टर लगाकर उन्हें कई दिनों तक अस्पताल में रखा गया।

 

परिजनों के मुताबिक, मामला मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य और सीएमओ के संज्ञान में आने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। आरोप है कि चिकित्सक की ओर से रखे गए आउटसाइडर बताए जा रहे मनोज नामक व्यक्ति ने भी परिजनों से पहले 13 हजार और बाद में 10 हजार रुपये की मांग की।

 

लाचार परिजनों ने पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू से मदद की गुहार लगाई। शनिवार को वह मेडिकल कॉलेज पहुंचे और अधिकारियों के समक्ष मामला उठाया। उन्होंने जिलाधिकारी को भी पूरे प्रकरण से अवगत कराया। आरोप है कि इसके बावजूद महिला का ऑपरेशन नहीं किया गया। इसके बाद पूर्व विधायक ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

 

मनोज सिंह डब्लू ने मेडिकल कॉलेज में भ्रष्टाचार और मरीजों से कथित अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए कहा कि गरीब और जरूरतमंद मरीजों का आर्थिक एवं मानसिक उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में मरीजों को बाहर से दवाएं लिखने और ऑपरेशन के नाम पर धन मांगने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।

 

पूर्व विधायक ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना के बाद लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद थी, लेकिन व्यवस्थाओं में सुधार के बजाय भ्रष्टाचार के आरोप सामने आ रहे हैं। उन्होंने सोमवार से मेडिकल कॉलेज में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ धरना देकर आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया।

 

Back to top button
error: Content is protected !!