
चंदौली। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 को जनपद चंदौली में निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को कुल पांच पालियों में आयोजित होगी। इसकी तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जनपद में परीक्षा के लिए कुल 12 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें एक श्रेणी-‘ए’ का केंद्रीय रेलवे इंटर कॉलेज तथा 11 श्रेणी-‘बी’ के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। प्रत्येक पाली में 5,112 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे, जबकि पांचों पालियों को मिलाकर कुल 25,560 परीक्षार्थी शामिल होंगे। 2 और 3 जुलाई को परीक्षा दो-दो पालियों में तथा 4 जुलाई को एक पाली में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी।

परीक्षा संचालन के लिए अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा को नोडल अधिकारी (प्रशासन) तथा अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) को नोडल अधिकारी (पुलिस) नामित किया गया है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। प्रश्नपत्रों और ओएमआर शीट को कोषागार के डबल लॉक स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत कड़ी सुरक्षा में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने निर्देश दिए कि सभी सेक्टर, जोनल एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा से पूर्व अपने-अपने केंद्रों का भौतिक सत्यापन करें और परीक्षा के दौरान लगातार निरीक्षण करते रहें। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू करने, परीक्षा अवधि में फोटोकॉपी की दुकानों, कोचिंग संस्थानों और साइबर कैफे बंद रखने तथा सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लाइव निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, बैठने की समुचित व्यवस्था और प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल, महिला कांस्टेबल और होमगार्ड तैनात किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को सघन जांच के बाद ही प्रवेश मिलेगा। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों, पेपर लीक की भ्रामक सूचनाओं और सॉल्वर गैंग की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर, जिला विद्यालय निरीक्षक, मुख्य कोषाधिकारी सहित सेक्टर, जोनल और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

