ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: बेमौसम आंधी-बारिश से हुए नुकसान का आंकलन कर रहा प्रशासन, जिनके घर गिरे उन्हें मिलेगा आवास, जनहानि पर मिलेगी आर्थिक सहायता

चंदौली। जिले में बुधवार को हुई बेमौसम बारिश से हुए नुकसान का आंकलन करने के लिए अधिकारियों की टीम लगातार भ्रमण कर रही है। एडीएम वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार ने बताया कि जिले में बिजली के खंभे, पेड़ और दीवार गिरने से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। जिनके घर गिर गए हैं, उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ मिलेगा। वहीं जनहानि के मामलों में आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

 

एडीएम ने कहा कि जिन क्षेत्रों में जनहानि या अन्य गंभीर घटनाएं हुई हैं, वहां अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों को आपदा राहत कोष से सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रभावित लोगों की हर संभव मदद की जाए और इस कठिन समय में प्रशासन उनके साथ खड़ा रहे।

 

उन्होंने बताया कि आंधी के बाद बिजली विभाग ने तुरंत अपनी टीमें प्रभावित इलाकों में भेज दी हैं। बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए कर्मचारी दिन-रात काम कर रहे हैं ताकि जल्द से जल्द व्यवस्था सामान्य हो सके। इसके साथ ही सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटाने और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने का अभियान भी तेजी से चलाया जा रहा है।

 

प्रशासन के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में कई कच्चे मकान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। ऐसे परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जांच के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान उपलब्ध कराने के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी। अधिकारियों को नुकसान का सर्वे कर रिपोर्ट जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

 

Back to top button
error: Content is protected !!