ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: 50 हजार का इनामी गिरफ्तार, असलहा-कारतूस बरामद, आठ साल से था फरार

चंदौली। धीना पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और लैंगिक अपराध के मामले में वर्ष 2018 से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध असलहा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी की गिरफ्तारी महुजी तिराहा क्षेत्र में जमानिया बार्डर के समीप चेकिंग के दौरान हुई।

 

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2018 में नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और लैंगिक अपराध के संबंध में तहरीर के आधार पर धीना थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 363, 366, 376 और पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत कार्रवाई की गई थी। मुकदमे के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था।

 

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के लगातार फरार रहने और न्यायालय की ओर से जारी धारा 82 सीआरपीसी की आदेशिका का अनुपालन नहीं करने पर उसके खिलाफ धारा 174-ए भादवि के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया था। फरार आरोपी पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

 

पुलिस टीम को मुखबिर से आरोपी के क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक धीना दिलीप श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महुजी तिराहा के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह पीछे मुड़कर तेजी से भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

 

पूछताछ में उसकी पहचान अरबाज नट उर्फ खबरी पुत्र जलालुद्दीन नट, निवासी कुशहां, थाना धीना, चंदौली के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध असलहा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के संबंध में धीना थाने में धारा 3/25 बीएनएस के तहत नया मुकदमा दर्ज किया गया।

 

 

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2018 के मुकदमे के बाद से वह छिपकर रह रहा था। पुलिस के अनुसार, उसने बरामद असलहा बिहार से अपनी सुरक्षा के लिए लेने की बात कही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दिलीप श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक पतई राम, उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार मिश्रा, कांस्टेबल अमित मिश्रा और कांस्टेबल अमित दुबे शामिल रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!