
चंदौली। आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से शनिवार को पीडीडीयू नगर तहसील सभागार में जिलास्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी चन्द्रमोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने संयुक्त रूप से की। समाधान दिवस में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 101 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 11 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर संबंधित लोगों को राहत प्रदान की गई, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के लिए सौंपा गया।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनशिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि गरीब, जरूरतमंद और पीड़ित व्यक्तियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनते हुए उन्हें शीघ्र न्याय दिलाया जाए।

जिलाधिकारी ने सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ हर हाल में पहुंचे, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की नियमित गुणवत्ता जांच करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे हो सकें।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कानून-व्यवस्था और पुलिस से संबंधित शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्य किया जाए तथा फरियादियों को अनावश्यक परेशान न होना पड़े। सम्पूर्ण समाधान दिवस में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. परितोष मिश्रा, उप जिलाधिकारी पीडीडीयू नगर, पीडी डीआरडीए, डिप्टी आरएमओ, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, विभिन्न थानों के प्रभारी निरीक्षक, खंड विकास अधिकारी सहित सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

