
चंदौली। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) वाराणसी परिक्षेत्र ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जौनपुर, गाजीपुर और चंदौली जनपदों के कुल 36 वांछित, माफिया, फरार और पुरस्कार घोषित अपराधियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इनमें 12 अपराधी चंदौली के हैं। इन अपराधियों की लंबे समय से गिरफ्तारी नहीं हो सकी है और ये विभिन्न गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित हैं।
डीआईजी कार्यालय से जारी सूची के अनुसार चंदौली जनपद से जिन प्रमुख अपराधियों पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है उनमें बजरंगी मुसहर, भोला उर्फ करण भारती, असलम, इकबाल कुरैशी, सूरज यादव उर्फ शैलेश कुमार, दिलीप कुशवाहा उर्फ छोटू, विजय कुमार उर्फ खेदन, नूरुल खान, अखराज नट, संतोष कुमार, मुनारे बिंद तथा सुभाष बियार शामिल हैं।
इनमें कई अपराधी गैंगस्टर एक्ट के मामलों में वांछित हैं, जबकि कुछ पर हत्या, अपहरण, गोवध अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, डकैती तथा अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अधिकांश आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे हैं और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इनाम घोषित किए जाने के बाद संबंधित जिलों की पुलिस टीमों को गिरफ्तारी के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं। अपराधियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है तथा तकनीकी निगरानी भी बढ़ाई गई है।
देखिये सूची …


