ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: मान्यता से अधिक कक्षाएं चलाने वाले स्कूल और अवैध कोचिंग पर होगी सख्त कार्रवाई, डीआईओएस ने दी चेतावनी

चंदौली। जिले में शिक्षा संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) धर्मेंद्र कुमार ने स्पष्ट किया है कि मान्यता से अधिक कक्षाओं का संचालन करने, विद्यालय समय में कोचिंग चलाने तथा बिना पंजीकरण कोचिंग संचालित करने वाले संस्थानों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

डीआईओएस ने बताया कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से दूरभाष और लिखित शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही हैं। शिकायतों में कहा गया है कि कुछ विद्यालयों को बेसिक शिक्षा परिषद से केवल कक्षा 1 से 5 अथवा 1 से 8 तक की मान्यता प्राप्त है, लेकिन वे नियमों का उल्लंघन करते हुए इससे ऊपर की कक्षाओं का भी संचालन कर रहे हैं। इसी प्रकार कुछ कोचिंग संस्थान केवल कोचिंग के लिए पंजीकृत होने के बावजूद विद्यालय समय में नियमित कक्षाओं की तरह संचालन कर रहे हैं, जो निर्धारित नियमों के विपरीत है।

 

उन्होंने कहा कि बिना मान्यता संचालित संस्थानों के छात्र-छात्राओं का नामांकन और पंजीकरण अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कराए जाने की शिकायतें भी मिली हैं। विभाग के अनुसार यह कार्य संबंधित विद्यालयों की मिलीभगत से संभव हो रहा है, जिससे शिक्षा व्यवस्था में अनियमितताओं को बढ़ावा मिल रहा है।

 

डीआईओएस ने चेतावनी दी कि यदि जांच या निरीक्षण के दौरान शिकायतें सही पाई जाती हैं तो संबंधित विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिन मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ऐसे अमान्य संस्थानों के विद्यार्थियों का पंजीकरण पाया जाएगा, उनके विरुद्ध भी कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।

 

उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों में संबंधित विद्यालय की मान्यता समाप्त करने की संस्तुति करते हुए सचिव, माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज को रिपोर्ट भेजी जाएगी। इसके लिए संबंधित विद्यालय के प्रबंधक और प्रधानाचार्य संयुक्त रूप से जिम्मेदार माने जाएंगे। डीआईओएस ने सभी शिक्षण संस्थानों से निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करने और शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता बनाए रखने की अपील की है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!