
संवाददाता: बाबू चौहान
चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के भोड़सर गांव में सोमवार देर रात एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी।
भोड़सर गांव निवासी 21 वर्षीय संजना, पत्नी अजीत यादव, सोमवार रात अपने घर में फंदे से लटकी मिलीं। परिजनों का कहना है कि वह किसी बात को लेकर नाराज थीं और इसी दौरान उन्होंने यह कदम उठा लिया। हालांकि, मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि संजना और अजीत यादव का विवाह 7 मई को हुआ था। शादी को अभी डेढ़ माह ही हुआ था कि इस घटना से दोनों परिवारों में मातम छा गया।
सूचना पर पहुंची शहाबगंज पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी कृपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

