
चंदौली। नौगढ़ विकासखंड के दूरस्थ पंडी गांव की 40 महिलाओं और 10 पुरुषों का वर्षों पुराना सपना सोमवार को साकार हो गया। पुलिस विभाग के मिशन शक्ति अभियान के तहत सभी ग्रामीणों को वाराणसी ले जाकर बाबा काशी विश्वनाथ सहित प्रमुख मंदिरों के दर्शन कराए गए। गांव के अधिकांश लोगों ने अपने जीवन में पहली बार किसी शहर की यात्रा की।
कुछ दिन पूर्व वाराणसी जोन के डीआईजी वैभव कृष्ण नौगढ़ क्षेत्र के दौरे पर पंडी गांव पहुंचे थे। बातचीत के दौरान महिलाओं ने बताया कि उन्होंने आज तक शहर नहीं देखा है। जब डीआईजी ने उनकी इच्छा पूछी तो महिलाओं ने काशी विश्वनाथ, संकटमोचन मंदिर और अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने की बात कही। इसके बाद डीआईजी ने तत्काल चंदौली पुलिस को मिशन शक्ति के तहत यात्रा की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
सोमवार सुबह विशेष पुलिस बस पंडी गांव पहुंची और 40 महिलाओं तथा 10 पुरुषों को वाराणसी लेकर गई। यात्रा के दौरान दो निरीक्षक और चार उपनिरीक्षक भी सुरक्षा व्यवस्था के लिए साथ रहे। सभी श्रद्धालुओं ने बाबा काशी विश्वनाथ, संकटमोचन मंदिर, दुर्गाकुंड मंदिर सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों में दर्शन-पूजन किया। डीआईजी वैभव कृष्ण ने कहा कि समाज के दूरस्थ और वंचित वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ना मिशन शक्ति का उद्देश्य है।
पहाड़ों और जंगलों से घिरा पंडी गांव आज भी विकास की मुख्यधारा से काफी दूर है। लगभग 80 परिवारों वाले इस गांव में पेयजल, मोबाइल नेटवर्क और अन्य बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। अधिकांश ग्रामीण मजदूरी और जंगल से मिलने वाले संसाधनों पर निर्भर हैं। ऐसे में पहली बार शहर और काशी विश्वनाथ धाम के दर्शन का अवसर मिलना ग्रामीणों के लिए यादगार अनुभव बन गया।

