
चंदौली। बलुआ थाना अंतर्गत चहनियां चौराहे पर दिनदहाड़े हुई ठगी की घटना ने पुलिस की मुस्तैदी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल जा रही एक महिला को तीन उचक्कों ने बातों में फंसाकर सोने का मंगलसूत्र, कान के टप्स और पर्स में रखे ₹3000 नकद ठग लिए। परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के करीब दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जिससे आरोपी आसानी से फरार हो गए।
नईबाजार क्षेत्र के बाकरपुर निवासी राधिका देवी, पत्नी शिवबचन यादव, अपनी भांजी को देखने टेम्पो से चहनिया अस्पताल जा रही थीं। सकलडीहा से एक संदिग्ध युवक भी उसी टेंपो में सवार हुआ और चहनिया चौराहे तक उनके साथ आया। चौराहे पर उतरते ही उसके दो अन्य साथी भी वहां पहुंच गए। तीनों ने महिला को बातों के जाल में फंसाया और बहला-फुसलाकर उनका सोने का मंगलसूत्र, कान के टप्स तथा पर्स में रखे ₹3000 नकद उतरवा लिए। इसके बाद तीनों मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। उनका आरोप है कि चहनिया जैसे व्यस्त चौराहे पर घटना के समय कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था और सूचना के करीब दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इससे आरोपियों को भागने का पर्याप्त समय मिल गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

