
मुंह बांधकर बाइक से पहुंचे दो युवकों ने रास्ते में रोककर की मारपीट, पीड़ित ने थाने में दी तहरीर; हमलावरों की पहचान में जुटी पुलिस
चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में बुधवार शाम खेत की ओर जा रहे युवक पर बाइक सवार दो नकाबपोश युवकों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक की गर्दन पर गंभीर चोट आई। परिजनों के मुताबिक उपचार के दौरान गर्दन में 19 टांके लगाए गए हैं। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
पहाड़पुर निवासी विकास कुमार पुत्र स्वर्गीय सुदर्शन ने बताया कि बुधवार शाम करीब 6:45 बजे वह शौच के लिए खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान गांव के उत्तर तरफ गोविंदीपुर मार्ग की ओर से अपाचे बाइक पर सवार दो लोग पहुंचे। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे। आरोप है कि रास्ते में बाइक सवारों ने विकास को रोक लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद धारदार हथियार से हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से घबराया विकास जान बचाकर गांव की ओर भागा। किसी तरह वह हमलावरों से बचकर गांव पहुंचा, जिसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई। परिजन घायल युवक को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी गर्दन पर 19 टांके लगाए गए।
मुंह बंधा होने से नहीं हो सकी पहचान
पीड़ित पक्ष ने घटना को लेकर शहाबगंज थाने में प्रार्थना पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के मुताबिक दोनों हमलावरों ने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से हमलावरों की पहचान करने के साथ घटना में प्रयुक्त बाइक और हथियार के संबंध में भी जांच की मांग की है।

