
चंदौली। यथार्थ नर्सिंग कॉलेज एंड पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट, चंदौली में अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं के लिए रविवार को भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और एमएससी नर्सिंग के विद्यार्थियों ने समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने कॉलेज जीवन की यादें साझा कीं और सांस्कृतिक व मनोरंजक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम को यादगार बनाया।
समारोह का शुभारंभ सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, एडिशनल सीएमओ संजय कुमार यादव, कॉलेज प्रबंधक डॉ. धनंजय सिंह, डॉ. आरडी मेमोरियल हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. शुभम सिंह तथा महिला एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. दिव्यांगी पांडे ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि विधायक सुशील सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नर्सिंग और चिकित्सा क्षेत्र मानव सेवा से सीधे जुड़ा है। उन्होंने विद्यार्थियों से व्यावसायिक जीवन में अनुशासन, संवेदनशीलता, समर्पण और सेवाभाव को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने ज्ञान और कौशल के माध्यम से समाज की सेवा करें तथा परिवार और संस्थान का नाम रोशन करें।
एडिशनल सीएमओ संजय कुमार यादव ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं में नर्सिंग स्टाफ की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया। मरीजों के प्रति सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार और बेहतर देखभाल को उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बताया।
कॉलेज प्रबंधक डॉ. धनंजय सिंह ने कहा कि विदाई समारोह विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन के महत्वपूर्ण पड़ाव का प्रतीक है। कॉलेज में हासिल शिक्षा, प्रशिक्षण और संस्कार उनके व्यावसायिक जीवन में मार्गदर्शन करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत करने और ईमानदारी से कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. शुभम सिंह ने विद्यार्थियों को चिकित्सा क्षेत्र में लगातार सीखते रहने की सलाह दी। वहीं डॉ. दिव्यांगी पांडे ने नर्सिंग को जिम्मेदारीपूर्ण और सम्मानजनक पेशा बताते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, धैर्य और सेवाभाव बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. जेनेट जे और वाइस प्रिंसिपल प्रदीप सिंह ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कॉलेज में मिले अनुभवों और सीख को भविष्य के व्यावसायिक जीवन में उपयोग करने की बात कही। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, मनोरंजक गतिविधियां और विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। सीनियर और जूनियर विद्यार्थियों के बीच आत्मीयता का माहौल रहा। अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने कॉलेज में बिताए दिनों की यादें साझा कीं।
कार्यक्रम में प्रो. धर्मेंद्र सिंह, आकृति यादव, रिंकू मौर्य, वंदना पाठक, अनुराधा प्रजापति, कनिका, अर्चना राज, स्नेहलता, प्रियंका दुबे, रीता पाल, गजाला नाजमीन, आंचल वर्मा, सोनिका, अंजली पाल, आरती चौहान, विजयलक्ष्मी, अभिनव यादव, प्रिया, अंकित सिंह, शैलेश पांडेय, नेहा भारती, अंकिता, नेहा पटेल, निक्की मिश्रा, अंशु, शमा सहित कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाएं और सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अंत में अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य और सफल करियर की शुभकामनाएं दी गईं।

