
संवाददाता: बाबू चौहान चंदौली। कर्मनाशा नदी पर बने नए पुल पर सोमवार की रात तेज रफ्तार बाइक ने पैदल जा रहे दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार अनीश (26) और पैदल जा रहे मुसाफिर (35) घायल हो गए, जबकि मुसाफिर की पत्नी बाल-बाल बच गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक करीब पांच मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई।
हादसे के बाद पुल पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और आसपास के लोगों ने तत्काल घायलों को सड़क किनारे पहुंचाया और एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों घायलों को पीएचसी शहाबगंज ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद अनीश की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल चंदौली रेफर कर दिया। वहीं, मुसाफिर का उपचार शहाबगंज में चल रहा है।
पुल पर अंधेरा बना हादसे का सबब
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में पुल पर रोशनी की व्यवस्था नहीं होने को लेकर नाराजगी दिखाई दी। लोगों का कहना है कि कर्मनाशा नदी का यह नया पुल शहाबगंज से चकिया और मुगलसराय की ओर आवागमन का प्रमुख मार्ग है। दिनभर यहां वाहनों और राहगीरों की आवाजाही रहती है, जबकि सुबह-शाम स्थानीय लोग टहलने भी पहुंचते हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक रात में पुल पर अंधेरा रहने से पैदल राहगीरों को वाहन चालकों को देख पाना मुश्किल होता है। ऐसे में दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से पुल पर जल्द रोशनी की व्यवस्था कराने और सड़क सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने की मांग की है।

