चंदौलीराज्य/जिला

कैंसर से जंग हार गए हेड कांस्टेबल शिवसागर राम, पुलिस विभाग में शोक की लहर

चंदौली। जनपद पुलिस में तैनात वर्ष 1991 बैच के हेड कांस्टेबल शिवसागर राम (57) का गुरुवार देर रात मुंबई के एक निजी अस्पताल में कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।

मूल रूप से जौनपुर जनपद के जलालपुर थाना क्षेत्र के छतारी गांव निवासी शिवसागर राम वर्तमान में चंदौली न्यायालय सुरक्षा में तैनात थे। करीब छह माह पूर्व उनका तबादला मुगलसराय कोतवाली में हुआ था। लंबे समय से कैंसर से पीड़ित होने के कारण उनका मुंबई के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था, जहां गुरुवार रात उन्होंने अंतिम सांस ली।

शिवसागर राम के निजी जीवन में भी कई कठिन परिस्थितियां रहीं। कोरोना महामारी के दौरान उनकी पत्नी का निधन हो गया था। उनके परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं।

उनके निधन पर पुलिस अधिकारियों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों ने गहरा शोक व्यक्त किया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

Back to top button
error: Content is protected !!