चंदौलीराज्य/जिला

बाढ़ के बीच ‘एक्शन मोड’ में प्रशासन, चकिया क्षेत्र में तहसीलदार ने संभाली राहत की कमान

पानी ने रोकी ग्रामीणों की राह तो मवइयां, केराय और तियरा पहुंचे देवेंद्र कुमार यादव, प्रभावितों तक पहुंचाई राहत

संवाददाता: बाबू चौहान

चंदौली पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने चकिया तहसील क्षेत्र में बाढ़ का संकट गहरा दिया है। कर्मनाशा और चंद्रप्रभा नदियों के उफान से निचले इलाकों में पानी फैलने के साथ कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ीं तो चकिया तहसीलदार देवेंद्र कुमार यादव रविवार को खुद फील्ड में उतर गए और बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचकर राहत व्यवस्था की कमान संभाल ली।

तहसीलदार ने प्रशासनिक टीम के साथ मवइयां, केराय और तियरा गांवों का दौरा किया। पानी और जलभराव से प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद कर उनकी जरूरतों की जानकारी ली और मौके पर ही राहत सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रभावित परिवारों को सूखा राशन, तिरपाल और अन्य जरूरी खाद्य सामग्री वितरित की गई, जबकि निचले इलाकों में राहत टीमों के जरिए राशन किट पहुंचाई गई।

तहसीलदार की सक्रियता से प्रशासनिक अमला भी पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। क्षेत्र के सभी लेखपालों को फील्ड में तैनात कर प्रभावित गांवों की लगातार निगरानी कराई जा रही है। लेखपाल गांवों की स्थिति और नदियों के जलस्तर की जानकारी प्रशासन तक पहुंचा रहे हैं, ताकि हालात बिगड़ने पर बिना देरी राहत और बचाव अभियान शुरू किया जा सके।

इस दौरान मंडल अध्यक्ष संतोष सिंह और मंडल महामंत्री आशीष पाठक भी मौजूद रहे। तहसीलदार देवेंद्र कुमार यादव ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता बाढ़ प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद पहुंचाना है। भोजन, पेयजल, तिरपाल और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए टीमें सक्रिय हैं।

 

Back to top button
error: Content is protected !!